राजनांदगांव में बच्चों ने लगवाई एचपीवी वैक्सीन, कलेक्टर ने किया सम्मानित

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। बड़ी संख्या में पात्र किशोरियों ने उत्साहपूर्वक वैक्सीन लगवाई और केंद्र व राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि भारत सरकार ने एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया है, जो स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अहम है। उन्होंने बताया कि 14 साल की हो चुकी, लेकिन 15 साल की नहीं हुई सभी किशोरियां टीकाकरण के लिए पात्र हैं। यह टीका शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में नि:शुल्क उपलब्ध रहेगा। अभिभावक अपनी बेटियों का पंजीकरण युवीन पोर्टल के जरिए करवा सकते हैं।

कलेक्टर ने किशोरियों से अपील की कि वे अपने स्कूल और आसपास के मित्रों को भी वैक्सीन के महत्व के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन गंभीर बीमारियों से बचाव में प्रभावी है और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी को सक्रिय होना चाहिए।

कार्यक्रम में कलेक्टर ने टीकाकृत बच्चों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। बच्चों ने बताया कि उन्हें वैक्सीन के बारे में जानकारी माता-पिता, स्कूल और समाचार पत्रों के जरिए मिली। उन्होंने कहा कि इस टीके से भविष्य में गंभीर बीमारियों का खतरा काफी कम हो जाता है।

इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनआर नवरतन, सिविल सर्जन, जिला टीकाकरण अधिकारी और बच्चों के अभिभावक भी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने अंत में बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह कदम स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और सभी को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए।

अपने दोस्तों को शेयर करें :