राजनांदगांव। बसंतपुर स्थित जिला साहू संघ के साहू सदन में पापमोचनी एकादशी के पावन अवसर पर साहू समाज की आराध्य देवी संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा की जयंती उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिला साहू संघ के प्रवेश द्वार स्थित भक्त माता कर्मा मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठित श्री लड्डू गोपाल जी एवं माता कर्मा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजा-अर्चना, हवन-यज्ञ एवं सामूहिक आरती के साथ की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि नगर निगम राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव थे। प्रमुख अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, मदन साहू प्रदेश कार्यकरिणी सदस्य, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में नीलमणी साहूए नोबेल साहू, विवेक साहू, इंजी. शेखर साहू, मोती साहू, कुलेश्वर साहू, राजेश साहू, किरण साहू, तरुणा साहू, माधव साहू, देवकुमारी साहू, यशवंत साहू, भोज गंजीर, हेमनाथ साहू सहित अनेक सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि माता कर्मा किसी एक धर्म या समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरे हिन्दुस्तान के सभी समाजों के लिए प्रेरणा स्वरूप रहीं। उन्होंने कहा कि साहू समाज की संगठित कार्यशैली और रचनात्मक सामाजिक पहल पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी समाजों से आग्रह किया कि वे भी इसी प्रकार संगठित होकर अपने समाज को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को पापमोचनी एकादशी एवं माता कर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
प्रमुख अतिथि डॉ. नीरेंद्र साहू ने माता कर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि आगामी 22 मार्च को डोंगरगांव के फुटबॉल मैदान में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य जिला स्तरीय कर्मा जयंती महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सामाजिक जनों एवं सर्व समाज के लोगों से इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने की अपील की।
विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि पापमोचनी एकादशी से प्रारंभ होकर माता कर्मा जयंती के कार्यक्रम पूरे जिले सहित प्रदेश में माहभर तक भक्ति और उत्साह के साथ मनाए जाएंगे। उन्होंने सभी को माता कर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला साहू संघ अध्यक्ष भागवत साहू ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिला साहू सदन में सामाजिक पदाधिकारियों एवं समाजजनों की उपस्थिति में माता कर्मा जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। उन्होंने कहा कि 22 मार्च को डोंगरगांव में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय भव्य आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं तथा समाज के पदाधिकारी तन-मन-धन से कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। इस दौरान अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के यशवंत साहू, माधव साहू, कुलेश्वर साहू, तुल दास साहू, डॉक्टर महेश साहू, खिलेश्वरी साहू, मंजू साहू, शैलैंद्री साहू, केसरी साहू, सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं ,समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन महेश्वर साहू ने किया एवं आभार व्यक्त नगर साहू संघ के अध्यक्ष राजेश साहू ने किया। उक्ताशय की जानकारी महामंत्री नीलमणी साहू ने दी।

