राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इसी क्रम में राजनांदगांव जिले के 99 हजार 746 किसानों के खातों में 19 करोड़ 95 लाख रुपए की राशि सीधे भेजी गई।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लघु, सीमांत एवं अन्य पात्र किसानों को कृषि कार्यों में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से हर चार माह में 2 हजार रुपए की किस्त जारी की जाती है। योजना के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष कुल 6 हजार रुपए की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही प्राकृतिक खेती और जैविक कृषि के लाभों पर विस्तार से चर्चा करते हुए किसानों को पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी कृषि संतलाल देशलहरे, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. नूतन रामटेके, श्रीमती अंजली घृतलहरे, डॉ. अतुल रामेश्वर डांगे, जितेंद्र मेश्राम, श्रीमती मंजूलता मेरावी तथा कृषि विभाग के अविनाश दुबे, नीलिमा रामटेके, सरिता रामटेके, शुभम वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

