कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की
- राज्योत्सव के आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
- धान खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था करने कहा
- जिले में 26 नए धान खरीदी केन्द्रों के विस्तार से अब 122 केन्द्रों में होगी धान खरीदी
- अवैध धान एवं रेत परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राज्योत्सव के अवसर पर जिले में 2 नवम्बर 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्योत्सव में विभिन्न विभागों को स्टॉल लगाकर केन्द्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने कहा। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में विभागवार प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदनों की नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग करने कहा। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की प्राथमिकता से समीक्षा कर समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। न्यायालयीन प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा, पीजीएन, पीजी पोर्टल एवं जनदर्शन के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की।
कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी धान खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में 26 नए धान खरीदी केन्द्रों के विस्तार के बाद अब कुल 122 केन्द्रों में धान खरीदी की जाएगी। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा होगी। उन्होंने अवैध धान परिवहन की रोकथाम के लिए जिले के सभी चेक पोस्टों पर 1 नवम्बर से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सघन जांच करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने के लिए चेक पोस्ट स्थापित कर लगातार जांच एवं सख्त कार्रवाई करने कहा। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में लगे सभी सर्वेयरों को दीपावली त्योहार से पहले राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को खरीफ फसल के बाद रबी मौसम में धान के स्थान पर कम पानी की आवश्यकता वाली वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने कहा। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य पूर्ण कर चुके ठेकेदारों का लंबित भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए आवश्यक कार्रवाई करने कहा।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं निगरानी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग करने तथा उनके स्वास्थ्य की विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसी गर्भवती महिलाओं की समय पर सोनोग्राफी, आवश्यक स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। साथ ही प्रतिदिन मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने एवं नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 8 हजार 499 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। कलेक्टर ने स्कूलवार रोस्टर तैयार कर टीकाकरण अभियान में तेजी लाने तथा लक्षित किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए बैंकों द्वारा आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब एवं धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बैंक अधिकारियों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक स्तर पर होने वाली देरी से हितग्राहियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए आवेदनों के निराकरण में तेजी लाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। कलेक्टर ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अब तक 15 हजार 653 आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा 7 हजार 744 हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।






