*दीपावली पर्व पर एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर शहर की यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद, चौक-चौराहों से टर्निंग पॉइंट तक पुलिस की मुस्तैदी की जनता ने की सराहना*

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। दीपावली के पावन पर्व पर शहर में बाजारों की रौनक और खरीदारी के लिए उमड़ रही लोगों की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में राजनांदगांव पुलिस की बेहतर प्लानिंग और मुस्तैदी शहर की सड़कों पर साफ नजर आ रही है। प्रमुख चौक-चौराहों के साथ-साथ टर्निंग पॉइंट पर भी पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। प्रत्येक प्रमुख चौक पर दो-दो जवान यातायात व्यवस्था संभालते हुए दिखाई दे रहे हैं।

एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार यातायात प्रभारी, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी एवं सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मैदानी स्तर पर सक्रिय हैं। अधिकारी स्वयं ग्राउंड पर पहुंचकर दीपावली के दौरान बढ़ते यातायात दबाव, बाजारों में भीड़ और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस की इस व्यवस्था की खास बात यह है कि केवल प्रमुख चौराहों पर ही नहीं, बल्कि उन टर्निंग पॉइंट पर भी जवानों को तैनात किया गया है, जहां जाम की स्थिति बनने की संभावना रहती है। इससे वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल रही है और आम नागरिकों को भी राहत महसूस हो रही है।

त्योहार के दौरान आम जनता की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की यह सक्रियता सराहनीय है। एसपी अंकित शर्मा के मार्गदर्शन में अधिकारियों एवं जवानों की बेहतर टीमवर्क और जिम्मेदारी के साथ की जा रही ड्यूटी का सकारात्मक असर शहर में दिखाई दे रहा है।

दीपावली के उल्लास के बीच पुलिस की सतर्कता और बेहतर यातायात प्रबंधन ने शहरवासियों का भरोसा जीता है। पुलिस विभाग की इस व्यवस्था की आम नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!