कचरा गोदाम के पास जुआ खेल रहे 8 जुआरी गिरफ्तार, 12 बाइक, कार व नकदी समेत भारी मशरूका जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर अजयबाड़ी कचरा गोदाम के पास जुआ खेल रहे 8 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से नगदी, ताश की गद्दी, एलईडी लाइट, चटाई के साथ-साथ आने-जाने में उपयोग किए जा रहे 12 दोपहिया वाहन और एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई है। जब्त कुल मशरूका की कीमत काफी अधिक आंकी जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की रेड

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी डोंगरगढ़ रामेश्वर प्रसाद देशमुख अपनी टीम के साथ क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, सटोरियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

इसी कड़ी में 7 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अजयबाड़ी कचरा गोदाम के पास कुछ लोग लाइट जलाकर 52 पत्ती ताश से ‘काटपत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआरियों को दबोच लिया।

लाखों के वाहन और नकदी जब्त

मौके से पुलिस ने आरोपियों के पास और फड़ से 14,570 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 1 एलईडी लाइट, 1 चटाई, 12 नग मोटरसाइकिल/स्कूटी और 1 स्विफ्ट डिजायर कार जप्त की है। पुलिस ने सभी 8 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते:

विक्की शर्मा (37 वर्ष) – गोलबाजार वार्ड नंबर 18, डोंगरगढ़

मनीष यादव (38 वर्ष) – खुटापारा वार्ड नंबर 01, डोंगरगढ़

भीष्मप्रताप सिंह (31 वर्ष) – भगत सिंह चौक वार्ड नंबर 19, डोंगरगढ़

महेन्द्र निर्मलकर (27 वर्ष) – गोलबाजार चौक वार्ड नंबर 18, डोंगरगढ़

पवन गोली (25 वर्ष) – बुधवारीपारा, डोंगरगढ़

शेख आदिल (29 वर्ष) – खुटापारा वार्ड नंबर 01, डोंगरगढ़

रोहित मेश्राम (33 वर्ष) – बुधवारीपारा वार्ड नंबर 15, डोंगरगढ़

आशीष ठाकुर (23 वर्ष) – डिभरापारा वार्ड नंबर 22, डोंगरगढ़

डोंगरगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, जुआ और सट्टा चलाने वालों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!