नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति राजनांदगांव द्वारा वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न संस्थानों को राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट कार्यों के लिए वार्षिक शील्ड पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं वर्षभर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख राजभाषा एवं संसदीय समिति, प्रधान कार्यालय के श्री पुनीत मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में उप महाप्रबंधक अनुपालन एवं आश्वासन, अंचल कार्यालय रायपुर डॉ. रमेश कुमार मोहंती तथा पद्मश्री सम्मानित श्रीमती फूलबासन यादव उपस्थित रहीं।

अतिथियों ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों और संस्थानों को बधाई देते हुए राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रभावी उपयोग से प्रशासनिक कार्यों में सरलता और संवाद में सहजता आती है।

समारोह में बताया गया कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा हिंदी भाषा के प्रोत्साहन एवं राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समय-समय पर कार्यशालाओं, प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

इस अवसर पर दुर्ग क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री संदीप कुमार मान, उप क्षेत्रीय प्रमुख श्री जयप्रकाश नारायण, मुख्य प्रबंधक (राजभाषा) अंचल कार्यालय रायपुर श्री सोमेन्द्र यादव, केंद्रीय विद्यालय राजनांदगांव की स्नातकोत्तर शिक्षिका श्रीमती मोहिनी साहू सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि एवं राजभाषा अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सदस्य सचिव सुश्री सुदीपा राय ने किया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :