दिग्विजय स्टेडियम में 21 जून को मनेगा जिला स्तरीय योग दिवस, अपर कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून को ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर दिग्विजय स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय ने दिग्विजय स्टेडियम पहुंचकर आयोजन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सुबह 7 बजे से होगा सामूहिक योगाभ्यास
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री मारकण्डेय ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जारी किए गए प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत 21 जून की सुबह 7:00 बजे से 7:45 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास संपन्न होगा। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

बैठक, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान
अपर कलेक्टर ने योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल होने वाले शहर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के लिए बैठक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए भी आवश्यक एहतियात बरती जाए ताकि किसी भी प्रतिभागी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
दिग्विजय स्टेडियम में तैयारियों के निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शिल्पा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख और निगम के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता से करने को कहा गया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :