पीएम स्वनिधि के लंबित प्रकरणों का जल्द करें निराकरण, पात्रों को समय पर मिले लाभ : कलेक्टर

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों में लंबित पड़े प्रकरणों के शीघ्र और त्वरित निराकरण के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ हर पात्र हितग्राही तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों को प्राथमिकता में रखें और स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि अधिक से अधिक छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल सके।

बिना ठोस कारण के निरस्त न हों आवेदन
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने बैंकों द्वारा अस्वीकृत (रिजेक्ट) किए गए प्रकरणों की भी गहन जांच की। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि केवल उचित एवं वैध तकनीकी कारणों के आधार पर ही किसी आवेदन को निरस्त किया जाए। पात्र हितग्राहियों को अनावश्यक रूप से योजना के लाभ से वंचित न किया जाए। उन्होंने प्रकरणों के परीक्षण में संवेदनशीलता और गंभीरता बरतने के निर्देश दिए हैं।

साप्ताहिक लक्ष्य तय कर बनाई जाए कार्ययोजना
कलेक्टर श्री यादव ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर लंबित मामलों को निपटाने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंक प्रबंधन और नगरीय निकायों के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही प्रगति की सतत निगरानी के लिए नियमित समीक्षा की जाएगी।

इस बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :