राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभाग ने पुलिस चौकी जोब के अंतर्गत ग्राम खोभा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब जप्त की है।
रिहायशी मकान में छिपाकर रखी थी खेप
प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खोभा में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने लकेश्वर पुर्राम के रिहायशी मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के भीतर एक प्लास्टिक बोरी में पॉलीथीन के 40 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट में 500-500 एमएल हाथ भट्ठी महुआ शराब भरी हुई थी।
आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से कुल 20 बल्क लीटर मदिरा जप्त कर आरोपी लकेश्वर पुर्राम को हिरासत में ले लिया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में ये रहे शामिल:
इस सफल कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक (वृत्त चिचोला) राजकुमार कुर्रे, मुख्य आरक्षक निजाम शाह, अनिल सिन्हा और मनीष का विशेष योगदान रहा।

