राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ‘सुशासन तिहार’ का आयोजन कर जन-जन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को शंकरपुर स्कूल में वार्ड क्रमांक 07, 09 व 10 के लिए जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महापौर मधुसुदन यादव ने स्टालों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मांग और शिकायतों के मिले 47 आवेदन
शिविर में वार्डवासियों ने अपनी समस्याओं को लेकर उत्साह दिखाया। कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 31 आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित थे और 16 आवेदन शिकायतों के रहे। महापौर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि इन आवेदनों पर प्राथमिकता से निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
पीएम स्वनिधि से संवरेगा व्यवसाय
शिविर के दौरान शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को मिला। पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत सब्जी व्यवसायी लेखपाल सिन्हा और पेंटिंग कार्य से जुड़े धर्मेन्द्र गढ़ेवाल को 15-15 हजार रुपये की प्रथम किस्त के चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा, महापौर ने शिविर में स्वयं का शुगर टेस्ट करवाकर वार्डवासियों को स्वास्थ्य परीक्षण हेतु प्रेरित किया।
सामाजिक सरोकार: नशामुक्ति की शपथ
शिविर में केवल समस्याओं का समाधान ही नहीं हुआ, बल्कि सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। शिविर में नगर निगम के साथ महिला बाल विकास, समाज कल्याण, श्रम, स्वास्थ्य, शिक्षा, आयुष, परिवहन, राजस्व और विद्युत विभाग के स्टाल लगाए गए थे, जहाँ विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अगला पड़ाव: 11 मई को स्टेशनपारा में शिविर
महापौर ने बताया कि आगामी 11 मई को वार्ड क्रमांक 11, 12 व 13 के लिए बापू प्राथमिक शाला स्टेशनपारा में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनसमस्या निवारण शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने इन वार्डों के निवासियों से बड़ी संख्या में पहुँचकर लाभ लेने की अपील की है।
इस अवसर पर पार्षद शिव वर्मा, अपूर्वा श्रीवास्तव, तृप्ति पात्रे, श्रुति लोकेश जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

