महापौर ने लिया अटल परिसर निर्माण कार्य का जायजा, मोहारा फिल्टर प्लांट का भी किया आकस्मिक निरीक्षण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर निगम महापौर मधुसूदन यादव शनिवार सुबह वार्ड निरीक्षण पर निकले। वर्धमान नगर में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के बाद उन्होंने निर्माणाधीन अटल परिसर का निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि अटल परिसर का निर्माण शासन की प्राथमिकता में है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
महापौर ने उप अभियंता से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिमा के लिए पेडेस्टल, बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जा चुका है और फ्लोर टाइल्स सहित अन्य कार्य प्रगति पर है। महापौर ने ग्रेनाइट व टाइल्स लगाने, गेट निर्माण और विद्युतिकरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में मैन पावर बढ़ाकर कार्य की गति को और तेज किया जाए।
इधर शहर में गंदा पानी आपूर्ति की शिकायतों पर महापौर यादव ने मोहारा स्थित जल संयंत्रगृह का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 17 एमएलडी प्लांट की सफाई कराने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संयंत्रगृह में फिटकरी, ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरीन गैस सहित आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
महापौर ने कहा कि इंटकवेल में कचरा फंसेन पर उसे तत्काल हटाया जाए ताकि पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। बाढ़ जैसी स्थिति में सभी कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही मशीनों में यदि कोई तकनीकी खराबी आती है तो उसका त्वरित मरम्मत कर पानी सप्लाई की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान उप अभियंता अशोक देवांगन, तिलक राज धु्रव, युवराज कोमरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :