राजनांदगांव। शहर के वार्ड क्रमांक 14 नेहरू नगर में विकास कार्यों की श्रृंखला में शुक्रवार को महापौर मधुसूदन यादव ने अधोसंरचना मद अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 5 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, 8 लाख रुपए की लागत से उद्यान तथा लगभग 10 लाख रुपए की लागत से नाले पर पुलिया निर्माण शामिल है।
महापौर यादव ने वार्ड पार्षद सतीश मसीह व नेहरू नगरवासियों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में श्रीमती नीलम सिंह, यशोधरा साहू, महिमा राय, राम अवतार जोशी, जेपी साहू, अनिल त्रिपाठी, प्रभंजय सोनी, मनीष श्रीवास्तव, प्रियांशु वैष्णव व दिनेश ने अतिथियों का पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
महापौर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा शहर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु विशेष राशि स्वीकृत की गई है। इसी राशि से शहर में रोड, नाली, उद्यान, सामुदायिक भवन, मंच, तालाब सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम उन्नयन जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।
महापौर ने कहा कि नेहरू नगर में इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद यहां के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, उप अभियंता मुनेन्द्र साठिया सहित बड़ी संख्या में नेहरू नगरवासी उपस्थित रहे।
