➡️ जिला और मंडल स्तर पर होगा गठन, बस्तियों में अध्यक्षों की भी होगी नियुक्ति
राजनांदगांव।
भाजपा के झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शिव वर्मा ने कहा कि दीपावली पर्व के बाद संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में जिला एवं मंडल स्तर पर प्रकोष्ठ का गठन युद्धस्तर पर किया जाएगा। इसके साथ ही शहर की विभिन्न झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में भी अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी ताकि संगठन की पहुंच प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक सुनिश्चित हो सके। प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को समझना, उनके निराकरण के लिए प्रयास करना और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना होगा।
श्री वर्मा ने कहा कि जिला एवं मंडल स्तर पर गठन के बाद संगठन की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके लिए प्रकोष्ठ के पदाधिकारी समय-समय पर झुग्गी बस्तियों का दौरा करेंगे। लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों एवं प्रशासन से समन्वय स्थापित करेंगे। विशेष रूप से बस्तियों में रात्रि प्रवास कर रहवासियों से सीधा संवाद भी किया जाएगा ताकि उनकी वास्तविक परेशानियों और जरूरतों को करीब से समझा जा सके। उन्होंने कहा कि झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में वर्षों से निवास कर रहे अनेक परिवार आज भी जमीन के पट्टे से वंचित हैं। ऐसे परिवारों को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि पर काबिज परिवारों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। इस सर्वेक्षण से यह स्पष्ट हो सकेगा कि कौन-सा परिवार किस विभाग अथवा किस श्रेणी की जमीन पर लंबे समय से निवास कर रहा है। इससे पात्र परिवारों को पट्टा उपलब्ध कराने की दिशा में आगे की प्रक्रिया आसान हो सकेगी। श्री वर्मा ने बताया कि शहर में अलग-अलग बस्तियों के परिवार विभिन्न विभागों की जमीनों पर निवास कर रहे हैं। इनमें सिंचाई विभाग, राजगामी संपदा, नजूल, रेलवे और लोक निर्माण विभाग की जमीनों पर बसे परिवार भी शामिल हैं। ऐसे परिवारों की स्थिति अलग-अलग होने के कारण उनके भूमि संबंधी मामलों का समाधान भी संबंधित विभागों के समन्वय से किया जाना आवश्यक है। सर्वेक्षण के माध्यम से इन परिवारों को चिन्हित कर उनकी वास्तविक स्थिति सामने लाने और नियमानुसार पट्टा दिलाने के प्रयास किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवार भी सम्मानजनक जीवन और मूलभूत सुविधाओं के हकदार हैं। सरकार की मंशा है कि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ मिले और लंबे समय से भूमि पर निवास कर रहे लोगों की समस्याओं का उचित समाधान हो। इस दिशा में झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ सक्रिय भूमिका निभाएगा तथा बस्तियों के रहवासियों और शासन-प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगा। श्री वर्मा ने कहा कि जिला, मंडल एवं बस्ती स्तर पर संगठनात्मक ढांचा तैयार होने के बाद पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां दी जाएंगी। प्रत्येक पदाधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित संपर्क बनाकर शासन की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के विस्तार और लगातार जनसंपर्क से झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।






