रजनांदगांव। बिजली विभाग की लापरवाही से पूरे शहर के लोग परेशान हो रहे हैं। हल्की बारिश होते ही बिजली विभाग शहर की बिजली बंद कर देता है, जिससे आम जनता को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि 8 से 9 घंटे तक बिजली गुल रहती है, जिससे शहरवासी बेहद आक्रोशित हैं।
बिजली विभाग के अधिकारियों की गैरजिम्मेदारी का आलम यह है कि वे फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझते। शिकायत करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। नतीजतन, शहर में बिजली कटौती की समस्या आम होती जा रही है और लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
जनता का कहना है कि अधिकारियों को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती। बिजली कटौती से स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, नेताओं की भी नहीं सुन रहे अधिकारी, जिससे जनता में भारी आक्रोश है।
बिजली विभाग की इस लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन कोई समाधान निकलता दिखाई नहीं दे रहा। जनता अब इस समस्या का स्थायी समाधान चाहती है और मांग कर रही है कि बिजली कटौती को लेकर गंभीर कदम उठाए जाएं।

