राज्यपाल रमेन डेका का मानवीय पहल-टीबी रोगियों के लिए पौष्टिक आहार हेतु स्वीकृत की आर्थिक सहायता

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मोहला। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ के मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी जिले के 10 टीबी रोगियों के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए अपने स्वेच्छानुदान मद से 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। यह राशि इन रोगियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दी गई है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि हो सके।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी राज्यपाल द्वारा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, दंतेवाड़ा, बिलासपुर, कोरिया और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के 10-10 टीबी रोगियों के लिए कुल 3 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की जा चुकी है।
राज्यपाल श्री डेका ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में समुदाय की भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने जनसहयोग की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि इस तरह की सामूहिक कोशिशों से ही टीबी जैसे गंभीर रोग पर नियंत्रण पाया जा सकता है। राज्यपाल की इस पहल को जनकल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!