राजनांदगांव। वक्रतुंड मित्र मंडल एवं दीपचंद चित्रकला प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त प्रयास से ओसवाल लाइन में आयोजित चित्रकला स्पर्धा में जयंत कार्तिक कालेश्वर ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनकी उत्कृष्ट चित्रकला एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति के लिए उन्हें प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्पर्धा में शहर के प्रतिभाशाली कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने रंगों की बारीकियों, कल्पनाशीलता और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी कला को कैनवास पर उकेरा। जयंत ने माता दुर्गा की सुंदर पेंटिंग बनाकर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया और द्वितीय स्थान हासिल किया।
जयंत की इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उनकी सफलता से परिवार एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है।
आयोजकों ने बताया कि दीपोत्सव के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम कला के प्रति बच्चों एवं युवाओं में रुचि बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने की दिशा में प्रेरणादायी पहल रही।







