राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मेजर ध्यानचंद की स्मृति में 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस की थीम खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” रही। आयोजन के दौरान खेल प्रतियोगिताओं, फिटनेस गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत 29 अगस्त को महाविद्यालय और स्कूल की छात्राओं के बीच कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। रोमांचक मुकाबले में स्कूल की छात्राओं ने जीत दर्ज की।
30 अगस्त को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के संयुक्त तत्वावधान में सुबह 8 बजे दिग्विजय स्टेडियम से साइकिल रैली निकाली गई। इसमें साई और कमला कॉलेज के खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बास्केटबॉल प्रशिक्षक पंकज पांडे और महाविद्यालय की क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर हिमांशु यादव, दीपक सोनटके सहित साई के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोजन के अंतिम दिन 31 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक श्रीमती शबनम अंसारी का सम्मान किया गया। उन्हें प्राचार्य और महाविद्यालय परिवार की ओर से श्रीफल, शॉल और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहल से युवाओं को खेलों से जुड़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि सशक्त राष्ट्र निर्माण की नींव भी हैं। उन्होंने कहा कि शबनम अंसारी के मार्गदर्शन में राजनांदगांव में हैंडबॉल खेल का निरंतर विकास हुआ है और कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने छात्राओं को कम से कम एक खेल में भाग लेने और लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
छत्तीसगढ़ शासन से कौशल यादव पुरस्कार एवं गुंडाधुर पुरस्कार से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक शबनम अंसारी ने छात्राओं को फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक महिला के स्वस्थ रहने से पूरा परिवार स्वस्थ रहता है और इससे स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग मिलता है। खेल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ लक्ष्य हासिल करने में भी सकारात्मक भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. निवेदिता ए. लाल, डॉ. के.के. द्विवेदी, क्रीड़ा समिति के संयोजक आलोक कुमार जोशी, अमरनाथ निपाद, श्रीमती रामकुमारी धुर्वा सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


