रानी सागर चौपाटी में बढ़ी रौनक : महापौर ने 7 नई नौकाओं का किया शुभारंभ, जल्द दौड़ेगी टॉय ट्रेन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर के ऐतिहासिक और प्रमुख पर्यटन स्थल रानी सागर के पास स्थित पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य उपवन (चौपाटी) में नागरिकों की मनोरंजन सुविधाओं में बड़ा विस्तार किया गया है। बुधवार को महापौर श्री मधुसूदन यादव ने यहाँ 7 नई नौकाओं (बोट) का विधिवत पूजन कर उन्हें आम जनता को समर्पित किया। इस पहल से शहरवासियों, विशेषकर बच्चों और परिवारों में हर्ष का माहौल है।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री जी.एस. मरकाम, निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य श्री सावन वर्मा व श्री राजा माखीजा, पार्षदगण श्री रवि सिन्हा, श्री सतीश साहू, पार्षद प्रतिनिधि श्री पंकज कुरंजेकर और श्री राजेश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दीपावली की सौगात और टॉय ट्रेन की जल्द होगी वापसी

महापौर मधुसूदन यादव ने इस दौरान सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नई नौकाओं के जुड़ने से रानी सागर की रौनक और बढ़ गई है। नगर निगम का निरंतर प्रयास है कि इस ऐतिहासिक धरोहर का चरणबद्ध तरीके से नवीनीकरण कर इसे इसके पुराने वैभव और आकर्षण पर लाया जाए।

उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि चौपाटी में लंबे समय से बंद पड़ी ‘टॉय ट्रेन’ को भी जल्द ही पुनः प्रारंभ किया जा रहा है, जिसकी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। इसके शुरू होने से बच्चों के लिए आकर्षण का एक नया केंद्र तैयार होगा और रानी सागर में पर्यटकों की आवाजाही और अधिक बढ़ेगी।

‘कबाड़ से जुगाड़’ और सेल्फी पॉइंट बना आकर्षण का केंद्र

नगर निगम आयुक्त श्री जी.एस. मरकाम ने जानकारी दी कि उपवन के पाथवे की मरम्मत के साथ-साथ लक्ष्मण झूला, जिम उपकरण और बच्चों के लिए झूले दुरुस्त कर दिए गए हैं। इसके अलावा, ‘कबाड़ से जुगाड़’ की तर्ज पर अनुपयोगी सामग्रियों से शेर की आकर्षक आकृति तैयार कर इस स्थल को बेहतरीन ‘सेल्फी पॉइंट’ के रूप में विकसित किया गया है। उपवन में रंग-रोगा और पौधों की ट्रिमिंग के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा के लिए पुष्पवाटिका में सर्वसुविधायुक्त आकांक्षी शौचालय का निर्माण भी कराया गया है।

हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिसर में 13 मौलश्री और 10 नारियल के पौधे रोपे गए। महापौर ने कहा कि निगम शहर की धरोहरों को संरक्षित करने के साथ आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि रानी सागर पुनः नागरिकों के मनोरंजन और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सके।

इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खाण्डे, राजस्व अधिकारी श्री मोबिन अली, समाज कल्याण अधिकारी श्री भूपेन्द्र वाडेकर, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में निगम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!