राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 45 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन अटल आवास, रामकृष्ण नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शासकीय स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जागरूकता प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं को कुपोषण से बचाव, नियमित टीकाकरण, शासकीय अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव तथा प्रसव के बाद माता एवं शिशु की उचित देखभाल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं कुपोषण की रोकथाम के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 45 के पार्षद दुरेंद्र साहू द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खिलौने उपहार स्वरूप भेंट किए गए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन दीदियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने से उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद सेवक राम उइके, जीवन चतुर्वेदी, प्रमोद साहू, ढलेश वैष्णव, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर सुनीता सोनपीपरे, कार्यकर्ता माया मेश्राम, सहायिका संगीता यादव एवं अर्चना सारथी, मितानिन प्रभा धनकर एवं गंगोत्री साहू तथा स्वास्थ्य विभाग से रूपाली कुंजम सहित आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



