➡️प्रतिभाओं का सम्मान, खेल स्पर्धाएं और सेवा शिविर होंगे
राजनांदगांव।
जिला साहू संघ के तत्वावधान में हरितालिका तीज महोत्सव-2026 का आयोजन 20 सितंबर।रविवार को जिला साहू सदन बसंतपुर में किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में प्रतिभा सम्मान समारोह, परिवार संस्कार कार्यशाला, विभिन्न खेल एवं रचनात्मक स्पर्धाओं के साथ निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाजजनों में उत्साह है।
महिला प्रकोष्ठ, अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ, चिकित्सा प्रकोष्ठ, नगर साहू संघ, तहसील साहू संघ एवं जिला साहू संघ के संयुक्त आयोजन में होने वाले इस कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ परिवार और समाज में संस्कार, सामाजिक एकजुटता तथा सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं परिवार संस्कार कार्यशाला के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं एवं समाजजनों के लिए कुर्सी दौड़, रस्सा खींच, मटका फोड़ सहित विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा रंगोली एवं मेहंदी स्पर्धा भी आयोजित होगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से पारंपरिक संस्कृति, रचनात्मकता और आपसी मेल-जोल को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार से जुड़े सेवा कार्यों को भी विशेष स्थान दिया गया है। नवजीवन हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर लगाया जाएगा जिसमें लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही माँ कर्मा रक्तवीर क्लब के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने समाजजनों से रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्रीमती वीणा सिंह, रायपुर तथा प्रमुख अतिथि डॉ. नीरेन्द्र साहू, अध्यक्ष प्रदेश साहू संघ रायपुर और श्रीमती ममता साहू, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग रायपुर शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ के अध्यक्ष नोबल साहू करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राजगामी सम्पदा की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, प्रदेश साहू संघ की उपाध्यक्ष श्रीमती साधना साहू, संगठन सचिव श्रीमती चन्द्रवती साहू, प्रदेश संयोजिका महिला प्रकोष्ठ श्रीमती दिव्या कलिहारी, पूर्व विधायक खुज्जी श्रीमती छन्नी साहू, संयोजिका महिला प्रकोष्ठ प्रदेश साहू संघ दुर्ग संभाग श्रीमती पूनम साहू, जिला पंचायत राजनांदगांव की उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विभा साहू एवं श्रीमती देवकुमारी साहू, जिला साहू संघ के संरक्षक भागवत साहू, समाजसेवी श्रीमती जयश्री साहू, डॉ. बेदलाल साहू, श्रीमती केसरी साहू एवं श्रीमती सुमन साहू सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने समाज के सभी परिवारों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से हरितालिका तीज महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन को सामाजिक एकता, प्रतिभा प्रोत्साहन, पारिवारिक संस्कार और सेवा भावना का संगम बताया गया है।


