➡️ डबल इंजन सरकार की मनमानी से जनता में आक्रोश, चुप्पी तूफान के पहले की शांति
राजनांदगांव।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस के फायरब्रांड नेता भागवत साहू ने तीजा पर्व के अवसर पर भाजपा के लिए करेले जैसे कड़वा स्वाद चखने बयान दिया है उनका यह बयान आगे चलकर सच होगा यह दावे के साथ नहीं कह सकते पर सच के करीब जरूर लग रहा है उन्होंने साफ तौर से कहा है कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और 26, 27, 28… की गिनती के साथ 2028 के विधानसभा चुनाव की चुनौती कांग्रेस ने अभी से स्वीकार कर ली है। श्री साहू ने दावा किया कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता में नाराजगी बढ़ रही है और आने वाले समय में यही नाराजगी बड़ा राजनीतिक बदलाव ला सकती है।
श्री साहू ने कहा कि भाजपा और उसकी डबल इंजन सरकार की कार्यप्रणाली से जनता भयभीत नहीं बल्कि आक्रोशित है। जनता आज अपनी समस्याओं का समाधान चाहती है लेकिन उसे लगातार महंगाई, बेरोजगारी, किसान और मजदूरों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की वर्तमान चुप्पी को भाजपा अपनी लोकप्रियता न समझे। यह चुप्पी तूफान के पहले की शांति है। उन्होंने कहा कि भाजपा हवा में उड़ रही है जबकि आम जनता के लिए जमीन पर चलना भी मुश्किल होता जा रहा है। सरकार और भाजपा के बड़े नेताओं तथा जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच भी दूरी बढ़ती जा रही है। कार्यकर्ताओं में अपेक्षाओं की अनदेखी को लेकर नाराजगी है और जनता के बीच जाकर जवाब देने की स्थिति में भाजपा के जनप्रतिनिधि खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। श्री साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिला भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे अभियानों के माध्यम से जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता की चिंता करती है तो उसे सबसे पहले महंगाई से राहत देनी चाहिए। आज खाद की कीमतों से किसान परेशान हैं। खाने-पीने की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम परिवार का बजट बिगाड़ दिया है। गैस सिलेंडर, बिजली बिल, शक्कर सहित रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। श्री साहू ने कहा कि एक महीने के अभियान और संकल्प से जनता का विकास नहीं होगा बल्कि सरकार को अपने पूरे कार्यकाल में गरीब और मध्यम वर्ग के हित में ठोस फैसले लेने होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम जनता से ज्यादा बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों का हित दिखाई देता है। श्री साहू ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों को अब जनता के बीच जाकर अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए। जनता यह जानना चाहती है कि उसके जीवन में कितना बदलाव आया, किसानों को कितनी राहत मिली, युवाओं के लिए कितने रोजगार के अवसर पैदा हुए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कई जनप्रतिनिधि जनता के सवालों का सामना करने से बच रहे हैं। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं और चुनाव के बाद जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही घड़ियाली आंसू बहाने की राजनीति अब जनता समझ चुकी है। श्री साहू ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका पूरी मजबूती के साथ निभाएगी और जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। सड़क, पानी, बिजली, महंगाई, किसान, मजदूर, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े हर सवाल को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितने अभियान चलाए लेकिन जनता के वास्तविक मुद्दों से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। उन्होंने दावा किया कि 2028 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार के कामकाज का हिसाब करेगी और कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। श्री साहू ने कहा कि आज से ही 26, 27 और 28 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि सत्ता में रहना स्थायी नहीं होता और लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है। आने वाले समय में जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली का जवाब अपने वोट से देगी।


