अवैध शराब परोसी या सड़क पर गाड़ी खड़ी की तो होगी सख्त कार्रवाई : लालबाग थाने में होटल व ढाबा संचालकों को चेतावनी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर और हाईवे से लगे होटल, ढाबा एवं चखना सेंटरों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए लालबाग पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना लालबाग परिसर में क्षेत्र के सभी होटल, ढाबा और चखना सेंटर संचालकों की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट शब्दों में चेताया कि यदि प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन या अवैध शराब परोसने की शिकायत मिली, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कर्मचारियों का सत्यापन अनिवार्य, सीसीटीवी कैमरे रहेंगे चालू

थाना लालबाग पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से सभी संचालकों को अपने-अपने संस्थानों के प्रवेश व निकास द्वार सहित प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखने और उनका बैकअप सुरक्षित रखने की हिदायत दी। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में काम करने वाले सभी बाहरी व स्थानीय कर्मचारियों का पहचान पत्र और नियमानुसार पुलिस सत्यापन (कैरेक्टर वेरिफिकेशन) कराकर रिकॉर्ड रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

सड़क व हाईवे पर पार्किंग से रोका, यातायात में बाधा पर होगी कार्रवाई

बैठक में सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि होटल या ढाबों में आने वाले ग्राहकों के वाहनों को सड़क या हाईवे पर अव्यवस्थित ढंग से खड़ा न कराएं। सड़क किनारे टेबल-कुर्सी या अन्य सामान रखकर आवागमन बाधित करने वालों पर सीधी कार्रवाई होगी। इसके अतिरिक्त अग्नि सुरक्षा मानकों (फायर सेफ्टी), गैस सिलेंडर व विद्युत उपकरणों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।

नियम तोड़े तो सीधे जेल, कानून हाथ में न लें संचालक

पुलिस ने साफ किया कि ढाबों या चखना सेंटरों में जुआ, सट्टा, नशीले पदार्थ या किसी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पाए जाने पर संचालक को भी बराबर का आरोपी माना जाएगा। किसी ग्राहक से विवाद होने पर स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करने की समझाइश दी गई है। सभी संचालकों को पुलिस के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की सख्त ताकीद की गई है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :