ई-ऑफिस में फाइलें अटकाने पर कलेक्टर सख्त, लंबित फाइलों के समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की। ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कई विभागों में ई-फाइलें लंबित पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फाइलों को अनावश्यक लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा में उनका परीक्षण व निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर यादव ने जनहित और विकास कार्यों से जुड़े कई अन्य विभागों को भी सख्त हिदायत दी:

सड़क सुरक्षा व आवारा मवेशी: सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए रात्रि में निगरानी बढ़ाने, स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने और अन्य क्षेत्रों से मवेशी लाने वाले वाहनों की जांच के लिए बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण व गिरदावरी: शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने तथा गिरदावरी कार्य में पारदर्शिता लाने को कहा। जिले में अब तक 61 प्रतिशत गिरदावरी का काम पूरा हो चुका है।

सड़कों का पेंचवर्क: देवादा-टेडेसरा, भानपुरी-बाकल और सोमनी-ठेकवा मार्ग सहित जर्जर सड़कों की मरम्मत शीघ्र पूरी करने और आगामी गणेश-दुर्गा पूजा से पहले शहरी सड़कों पर पेंचवर्क करने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्यघर योजना: अब तक जिले में 5,686 हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने बैंक लोन प्रक्रिया को सरल बनाकर योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य व शिक्षा: मेडिकल स्टोर्स पर एक्सपायरी दवाओं की बिक्री रोकने के लिए छापामार कार्रवाई करने और स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता की नियमित जांच करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन व जनदर्शन के आवेदनों की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :