डोंगरगांव। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम राजाखुज्जी में एक दुकान में दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेचते एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 34 पौवा देसी शराब और बिक्री की रकम जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर व एसडीओपी मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम राजाखुज्जी निवासी रोशन कुमार निषाद (30 वर्ष) पिता रूपलाल निषाद अपनी दुकान में अवैध रूप से देसी शराब रखकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दुकान में दबिश दी।
दुकान से थैले में मिली शराब
पुलिस ने जब दुकान और संदेही की तलाशी ली, तो एक हरे-काले रंग के थैले से ‘सवा सेरा’ ब्रांड की 34 पौवा देसी प्लेन शराब (कुल 6.120 बल्क लीटर, कीमत 2,720 रुपये) तथा बिक्री के 300 रुपये नगद बरामद हुए। शराब रखने व बेचने के संबंध में जब आरोपी से वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका।
भेजा गया न्यायालय
पुलिस ने कुल 3,020 रुपये का माल जब्त कर आरोपी रोशन कुमार निषाद के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक बृजमोहन यादव और आरक्षक चंद्रकांत सोनी की सराहनीय भूमिका रही।


