घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने पर गठुला के दो होटलों पर कार्रवाई, 7 सिलेंडर जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खाद्य विभाग ने जिले में घरेलू रसोई गैस के अवैध व्यावसायिक उपयोग और अवैध भंडारण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

आज खाद्य विभाग की टीम ने ग्राम गठुला में होटल और ढाबों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि दो होटलों में नागरिकों को रियायती दर पर मिलने वाले घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक भोजन बनाने में उपयोग किया जा रहा था। इसके साथ ही व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का भी अवैध भंडारण मिला।

कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 7 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इनमें 3 घरेलू सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) और 4 व्यावसायिक सिलेंडर (19 किलोग्राम) शामिल हैं।

खाद्य विभाग ने दोनों होटलों के खिलाफ द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया। विभाग ने चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग कानूनी अपराध के साथ-साथ सुरक्षा के लिए भी खतरनाक है।

खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले के अन्य क्षेत्रों, विशेषकर राष्ट्रीय राजमार्ग और शहरी भोजनालयों में भी जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई और सिलेंडरों की जप्ती की जाएगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :