राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने पेंड्री बस्ती में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट कर लूटपाट करने और घर में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आदतन हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्टील का चाकू और डंडा भी बरामद किया गया है।
यह है पूरा मामला:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 25 अगस्त को लालबाग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह शाम करीब 5 बजे पेंड्री बस्ती में पवन आटा चक्की के पास से गुजर रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। प्रार्थी के मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
इतने से ही उनका मन नहीं भरा, तो आरोपियों ने प्रार्थी पर चाकू और डंडे से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसकी जेब से जबरन 250 रुपए छीन लिए और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी प्रार्थी के घर में भी घुस गए और वहां रखे होम थिएटर समेत अन्य सामानों की तोड़फोड़ की।
धाराओं में इजाफा और गिरफ्तारी:
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लालबाग पुलिस ने अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 311, 324(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन व एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में धारा 333 बीएनएस भी जोड़ दी।
पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी पिंकू उर्फ फटीक लहरे (26) और हिरेंद्र लहरे (27) दोनों निवासी पेंड्री बस्ती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिंकू के पास से चाकू और हिरेंद्र के पास से डंडा जब्त किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 26 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार तीसरे आरोपी सोमू लहरे की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


