राजनांदगांव। शिवनाथ नदी मोहारा एनीकट का जल स्तर कम होने के कारण रॉ वाटर प्रदाय हेतु जिलाधीश एवं प्रशासक संजय अग्रवाल के निर्देश पर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा द्वारा कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग बालोद को मटियामोती जलाशय से नगर निगम राजनांदगांव के लिये आरक्षित पानी में से पानी छोड़ने पत्र लिखा गया था। जिसके परिपालन में आज जल विभाग के अधिकारी पानी छोड़ने मटियामोती जलाशय पहॅुचे और आज बालोद जिले के जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता एके बघेल, उप अभियंता सुश्री स्वाति देवांगन एवं नगर निगम राजनांदगांव के जल विभाग के तकनीकी अधिकारी व स्टॉफ की उपस्थिति में मटियामोती जलाशय से प्रथम चरण में 50 एमसीएफटी पानी को छोड़ने की कार्यवाही की गयी है। उक्त पानी लगभग 3 दिनों में 40 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद मोहारा स्थित शिवनाथ एनीकट पहुंचेगा।
उल्लेखनीय है कि मटियामोती जलाशय के लगभग 600 एमसीएफटी पानी में से 350 एमसीएफटी पानी ग्रीष्म ऋतु के लिए नगर निगम राजनांदगांव को पेयजल आपूर्ति के लिए सुरक्षित रखा गया है। जिसमें से 50 एमसीएफटी पानी पहले चरण में लिया गया है। जिसके अंतर्गत आज 150 क्यूसेक (घनफीट प्रति सेकेंड) की दर से मटियामोती से पानी छोड़ा गया। पानी पहुंचते तक निगम प्रशासन के जल विभाग के अमले द्वारा पानी की सुरक्षा के लिए रूट मार्ग पर मॉनिटरिंग की जावेगी। इस अवसर पर उप अभियंता अनुप पाण्डे व युवराज कोमरे, जल प्रभारी लिपिक तुषार शुक्ला सहित मटिया मोती जलाशय एवं जल विभाग का अमला उपस्थित था।

