नक्सल पीड़ित 5 परिवारों के सदस्यों को मिली सरकारी नौकरी, कलेक्टर तनुजा सलाम ने सौंपे नियुक्ति पत्र

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मोहला। नक्सल पुनर्वास नीति के तहत जिला प्रशासन ने नक्सल हिंसा से प्रभावित पांच परिवारों के पात्र सदस्यों को शासकीय सेवा का अवसर दिया है। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर तनुजा सलाम ने नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इन सभी की नियुक्ति आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावास और आश्रमों में भृत्य के पद पर की गई है। नियुक्ति पाने वालों में रवि दुग्गा, अजय कुमार सलामे, दिलसाय कोरेटी, समीला पूड़ो और पायल ईश्वर पूड़ो शामिल हैं।

आर्थिक संबल के साथ स्थायित्व का मिलेगा आधार

नक्सल पुनर्वास नीति के तहत हिंसा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शासकीय सेवा मिलने से इन परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ जीवन में स्थायित्व और आत्मनिर्भरता का आधार मिलेगा।

जिम्मेदारी और ईमानदारी से काम करने की समझाइश

कलेक्टर तनुजा सलाम ने नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज और शासन के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा कार्यस्थल पर अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने को कहा।

उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा के माध्यम से कर्मचारी अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। जिला प्रशासन की यह पहल नक्सल प्रभावित परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :