डोंगरगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व एसडीओपी श्रीमती मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में जिले भर में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग के जरिए अवैध शराब का परिवहन कराने वाले आरोपी पिता को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम सुखरी के पास मेन रोड पर काले रंग की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (CG 08 NB 2874) को रोककर जांच की। बाइक चला रहा चालक नाबालिग निकला। वाहन की टंकी के पास रखी प्लास्टिक बोरी की तलाशी लेने पर 35 पौवा देसी प्लेन शराब (कुल 6.300 बल्क लीटर, कीमत 2,800 रुपए) बरामद हुई। पुलिस ने शराब और 10 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 12,800 रुपए का मशरूका जब्त किया।
शराब भट्ठी भेजा था बेटे को
नाबालिग से पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ। उसने बताया कि उसके पिता विष्णु बेलदार (50 वर्ष, निवासी ग्राम आरी) ने उसे 3 हजार रुपए और मोटरसाइकिल देकर ग्राम अर्जुनी स्थित शराब भट्ठी से शराब खरीदकर लाने भेजा था। आरोपी पिता द्वारा बेटे की उम्र जानते हुए भी उससे अवैध शराब का परिवहन कराया जा रहा था।
न्यायालय में किया पेश
पुलिस ने मामले में आरोपी विष्णु बेलदार के खिलाफ धारा 78 जेजे एक्ट (बाल न्याय अधिनियम) तथा धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। वहीं नाबालिग को विधिवत उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख और आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी की सराहनीय भूमिका रही।


