राजनांदगांव में 5 हजार घरों में लगे सोलर पैनल, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से बिजली बिल से मिली राहत

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में राजनांदगांव जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक 5 हजार घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित (सोलर कनेक्शन पूर्ण) किए जा चुके हैं। इस पहल से जहां घरेलू उपभोक्ताओं को भारी बिजली बिल से राहत मिल रही है, वहीं जिला स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेज रहे नागरिक

योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि नागरिक अब केवल बिजली के उपभोक्ता नहीं, बल्कि उत्पादक भी बन गए हैं। छतों पर लगे सोलर पैनल से घरेलू जरूरतें पूरी होने के बाद बचने वाली अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजा जा रहा है। इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

सब्सिडी से आसान हुई राह

योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को केंद्र शासन की ओर से तय सब्सिडी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। इस दोहरे अनुदान के कारण आम नागरिकों के लिए कम लागत में सोलर प्लांट लगाना आसान हो गया है।

‘सूर्य सभा’ से घर-घर पहुंच रही जानकारी

जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में निरंतर समीक्षा बैठकों के साथ-साथ ‘सूर्य सभा’ जैसे विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मैदानी स्तर पर आवेदनों के त्वरित निराकरण और समयबद्ध प्लांट स्थापना से नागरिकों का भरोसा बढ़ा है। आने वाले दिनों में सोलर पैनल अपनाने वाले परिवारों की संख्या में और तेजी से बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :