राजनांदगांव। स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार लाने और कचरा पृथककरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने एसएलआरएम सेंटर प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर 19 से 27 नवंबर तक चलाए जाने वाले विशेष अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और सोर्स सेग्रीगेशन सुनिश्चित करने को कहा गया।
आयुक्त ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में महापौर के निर्देश पर नगर निगम द्वारा 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एसएलआरएम सेंटर प्रभारियों और महिला समूह की सदस्यों को निगम क्षेत्र के समस्त सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों का शासन के मापदंडों के अनुरूप विश्लेषण करना होगा। इसमें साफ-सफाई के साथ पानी, बिजली, प्रकाश, हाथ धोने की सुविधा, डस्टबिन, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन तथा महिलाओं, बच्चों व दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जांच की जाएगी।
चार श्रेणियों में कचरा अलग करने की दें समझाइश
आयुक्त श्री मरकाम ने निर्देश दिए कि अभियान से नागरिकों को जोड़ते हुए उन्हें स्वच्छता अपनाने, शौचालय का उपयोग करने और कचरा डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया जाए। शत-प्रतिशत घरों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के साथ यूजर चार्ज की वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत नागरिकों को घर से ही गीला, सूखा, सेनेटरी वेस्ट और घरेलू हानिकारक कचरा अलग-अलग कर देने की समझाइश देने के निर्देश दिए गए। सेंटरों में भी कचरे का समुचित निपटान कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने को कहा गया। बैठक में प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा, प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक पवन कुर्रे, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक देवेश साहू, कीर्तन साहू सहित एसएलआरएम सेंटर प्रभारी मौजूद रहे।





