3 किलोवाट सोलर प्लांट लगाकर भोलानाथ बने बिजली उपभोक्ता के साथ उत्पादक

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने ग्राम पुरैना निवासी भोलानाथ वर्मा को बिजली का उपभोक्ता होने के साथ ही उत्पादक भी बना दिया है। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया है। बरसात के दिनों में भी इससे रोजाना औसतन करीब 10 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है।

भोलानाथ वर्मा ने बताया कि उनके घर की खपत सोलर प्लांट से होने वाले उत्पादन से कम है। इससे बिजली बिल में राहत मिल रही है। साथ ही अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजने का अवसर भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले वे केवल बिजली का उपयोग करते थे, लेकिन सोलर प्लांट लगाने के बाद अब बिजली का उत्पादन कर उसका उपयोग करने के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेज रहे हैं।

केंद्र-राज्य से 1.08 लाख रुपए की सहायता
वर्मा ने बताया कि सोलर प्लांट स्थापना के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपए की अनुदान सहायता का प्रावधान है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपए और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपए की सहायता शामिल है। उन्होंने कहा कि शासन की यह सहायता आम लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील
भोलानाथ वर्मा ने कहा कि सौर ऊर्जा स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा का माध्यम है। इसे अपनाने से प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सौर ऊर्जा को भविष्य की जरूरत बताते हुए जिलेवासियों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने सोलर प्लांट लगाने के लिए सहायता उपलब्ध कराने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि योजना से लोगों को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का अवसर भी मिल रहा है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :