ट्रैक्टर शोरूम में 11 लाख रुपए के गबन का मैनेजर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राजधानी से सटे राजनांदगांव के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रैक्टर शोरूम के मैनेजर द्वारा 11 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

3 लाख रुपए किए वापस, बाकी राशि का किया गबन

मिली जानकारी के अनुसार, बीजेपी कार्यालय के सामने स्थित अरुण एग्रीकल्चर के संचालक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत कुमुद उपाध्याय (52 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर वृंदावन कॉलोनी ने 1 अप्रैल 2025 से 7 अप्रैल 2026 के बीच किसानों को बेचे गए ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की कुल 14,61,393 रुपए की बिक्री राशि फर्म में जमा नहीं की। पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी ने गबन स्वीकार करते हुए 3,03,500 रुपए वापस कर दिए, जबकि शेष 11,07,893 रुपए का गबन कर लिया।

खाता बही जब्त, भेजा गया जेल

मामले की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां जुर्म कबूलने पर उसके कब्जे से खाता बही जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुमेन्द्र कुमार खरे, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार व स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :