अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की मुस्तैदी से टले बड़े हादसे, बची कई जिंदगियां और संपत्ति

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिला अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (नगर सेना) राजनांदगांव आपदा और दुर्घटनाओं के समय नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार तत्परता से काम कर रही है। विभाग की प्रशिक्षित टीम ने आधुनिक उपकरणों और तकनीकी दक्षता के बल पर जिले में कई बड़े हादसों को टालते हुए जान-माल की सुरक्षा की है।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि हाल के समय में ग्राम मोहंदी स्थित जया केमिकल व जालबांधा केमिकल प्लांट, कोरिनभाठा स्थित अंशदीप इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर शोरूम, दादा बस सर्विस की 5 बसों, ग्राम बांकल में कोयला मालगाड़ी, बुद्धफरदा स्थित रामदेव रिफाइनरी तथा पार्रीकला स्थित अग्रवाल राइस मिल में लगी भीषण आग पर फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई कर काबू पाया। समय पर की गई इस कार्रवाई से आग को आसपास फैलने से रोका जा सका।

क्लोरिन गैस रिसाव पर पाया सफलता पूर्वक काबू
आगजनी के अलावा विभाग आपातकालीन रेस्क्यू ऑपरेशन में भी अहम भूमिका निभा रहा है। मोहाड़ा स्थित वाटर फिल्टर प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव की गंभीर घटना के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने 100 से 200 मीटर के दायरे में फैली खतरनाक गैस के बीच प्रवेश कर तकनीकी दक्षता से रिसाव को पूरी तरह बंद किया। इस त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

जागरूकता व मॉक ड्रिल का आयोजन
अग्निशमन विभाग द्वारा समय-समय पर स्कूलों, शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, मेडिकल कॉलेज और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए मॉक ड्रिल व अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है, ताकि आमजन आपात स्थिति में बचाव के उपायों को सीख सकें।

अपने दोस्तों को शेयर करें :