अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव का नागरिक अभिनंदन, नगर निगम ने दी 2 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल (कॉमनवेल्थ गेम्स) 2026 में भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) स्पर्धा में भारत के लिए रजत पदक जीतकर देश-प्रदेश का मान बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का नगर निगम द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। गौरवपथ स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामय समारोह में महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम की ओर से ज्ञानेश्वरी को 2 लाख रुपए की प्रोत्साहन एवं सम्मान राशि का चेक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह ऐतिहासिक उपलब्धि राजनांदगांव जिले, छत्तीसगढ़ प्रदेश और देश के लाखों उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है जो खेल के क्षेत्र में कड़ा परिश्रम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में जिले में बेहतर खेल अधोसंरचना और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जो क्रांतिकारी कदम उठाए गए थे, उसी का सुखद परिणाम है कि आज ज्ञानेश्वरी जैसी प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहरा रही हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों व सामाजिक संगठनों ने किया सम्मान
अभिनंदन समारोह में राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय कुमार यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने भी सभा को संबोधित करते हुए ज्ञानेश्वरी की लगन और मेहनत की सराहना की तथा आगे भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र (पारस) वर्मा, निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी और शहर के विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, शिक्षण व औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित रहकर अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का आत्मीय अभिनंदन किया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!