राजनांदगांव में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक : एक साथ कई ठिकानों पर रेड, 4 आरोपी गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ा है। इसी कड़ी में पुलिस की संयुक्त टीमों ने कोतवाली, बसंतपुर और चौकी चिखली क्षेत्र में एक साथ कई ठिकानों पर दबिश देकर शराब कोचियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस विशेष रेड में पुलिस ने 4 आरोपियों को रंगे हाथ दबोचा है।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 346 पौवा (65.52 बल्क लीटर) अवैध शराब, जिसकी कीमत 41,520 रुपये है, और बिक्री की नगदी 8,660 रुपये सहित कुल 50,180 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी व साइबर क्राइम नोडल अधिकारी वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। 6 अगस्त को गठित संयुक्त टीम ने अलग-अलग इलाकों में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।

विभिन्न क्षेत्रों से गिरफ्तार आरोपी और जब्ती:

थाना कोतवाली क्षेत्र: राम नगर पावर हाउस निवासी कृपेश रजक (26 वर्ष) के पास से 50 पौवा देसी व अंग्रेजी शराब (कीमत ₹6,000) जब्त की गई।

थाना बसंतपुर क्षेत्र: ग्राम सिंगदई निवासी उत्तम प्रजापति (30 वर्ष) के कब्जे से 51 पौवा (कीमत ₹6,120) तथा दउआ राम प्रजापति (63 वर्ष) के पास से 60 पौवा (कीमत ₹7,200) अवैध शराब बरामद हुई।

चौकी चिखली क्षेत्र: मोतीपुर चंदन नगर निवासी धनेश भीमरे (40 वर्ष) से भारी मात्रा में 185 पौवा अवैध शराब (कीमत ₹22,200) जब्त की गई।

जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :