डोंगरगढ़। अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 30 पौवा देसी शराब (मात्रा 5.400 बल्क लीटर) और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक जब्त की है।
एसपी अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन व एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) सुमन जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर कलकसा चौक के पास घेराबंदी
पुलिस टीम 6 अगस्त को गश्त और अपराध विवेचना के दौरान नया अछोली चौक के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति कटली शराब भट्टी से सीमा से अधिक शराब बाइक पर रखकर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कलकसा चौक कच्ची रोड पर घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोक लिया।
तालाशी में मिली देसी शराब
तलाशी लेने पर आरोपी अनिल कुमार राव (43 वर्ष) के कब्जे से 20 पौवा शोले मसाला देसी मदिरा (कीमत ₹2,000) और 10 पौवा सुपर 36 प्लेन देसी मदिरा (कीमत ₹800) बरामद हुई। वहीं दूसरे आरोपी राजेंद्र कुमार रामटेके उर्फ अनवर खान (57 वर्ष) के पास से परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पुरानी बाइक (CG 08 R 6135) जब्त की गई। दोनों आरोपी इंदिरा नगर वार्ड नंबर 05, डोंगरगढ़ के निवासी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी अवैध शराब बिक्री के मामले दर्ज हैं।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 6 अगस्त को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रदीप प्रसाद, आरक्षक राम खिलावन सिन्हा, मिलन वाल्टर, मिथिलेश पटेल और इंद्रभान का विशेष योगदान रहा।

