हाईवे किनारे के घर, दुकानें व दफ्तर होंगे रोशन : पीएम सूर्य घर योजना के तहत आयुक्त ने ली बैठक, सर्वे के निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ शहर के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने निगम, विद्युत मंडल के अधिकारियों और वेंडर्स की समीक्षा बैठक ली। बैठक में हाईवे रोड के दोनों किनारे स्थित आवासीय, व्यावसायिक और शासकीय कार्यालयों में सोलर पैनल लगाने के लिए सर्वे कर त्वरित कार्ययोजना बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में आयुक्त मरकाम ने योजना के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का मुख्य लक्ष्य घर पर ही ऊर्जा उत्पादन कर बिजली बिल के भारी बोझ से मुक्ति दिलाना और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देना है।

100 मीटर के दायरे में होगा विशेष सर्वे
कलेक्टर के निर्देशों का हवाला देते हुए आयुक्त ने बताया कि शहरी बस्तियों और कॉलोनियों के साथ-साथ नेशनल हाईवे के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे में आने वाले निजी मकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और शासकीय दफ्तरों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ा जाएगा।

इसके लिए नगर निगम, विद्युत मंडल और राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर घर-घर सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। टीम नागरिकों व व्यापारियों को योजना के फायदों की जानकारी देकर उनका ऑनलाइन पंजीयन भी सुनिश्चित कराएगी।

शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य रूप से लगेंगे पैनल
आयुक्त मरकाम ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में स्थित सभी शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य रूप से सोलर पैनल स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

बैठक में नगर निगम के कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके, प्र. कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम सहित विद्युत मंडल के सहायक व उप अभियंता, राजस्व प्रभारी एवं स्वीकृत वेंडर्स उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :