राजनांदगांव। शहर के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने और जारी विकास कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करने के उद्देश्य से महापौर मधुसूदन यादव शनिवार सुबह वार्ड नंबर 23 पहुंचे। उन्होंने वार्ड पार्षद व राजस्व विभाग के प्रभारी सदस्य राजा माखीजा के साथ लालबाग, महेंद्र नगर और प्रभात नगर क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई व निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
लालबाग में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए महापौर यादव ने अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
जलभराव से मिलेगी राहत, नाले के लिए भेजा गया प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान महेंद्र नगर एवं प्रभात नगर के निवासियों ने अत्यधिक बारिश के दौरान जलभराव और नाली निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी।
नाली व ढाल सुधार: महापौर ने संबंधित इंजीनियर को निर्देश दिए कि नालियों में पानी का सुचारू बहाव सुनिश्चित करने के लिए ढाल को ठीक किया जाए तथा पाइपलाइन में जहां भी लीकेज है, उसकी तत्काल मरम्मत कराई जाए।
शासन को प्रस्ताव: जलभराव की स्थाई समस्या से निजात दिलाने के लिए महापौर ने नागरिकों को अवगत कराया कि क्षेत्र में समुचित पानी निकासी हेतु नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है।
नाली निर्माण की प्राथमिकता: गली नंबर 8, वाइडनियर स्कूल के पीछे तथा महेंद्र नगर में नई नाली निर्माण की मांग पर शासन से स्वीकृत राशि के अनुसार प्राथमिकता तय कर कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
सफाई व्यवस्था सुधारने और कर्मचारी बढ़ाने के निर्देश
वार्डवासियों द्वारा सफाई कर्मियों की कमी और सफाई व्यवस्था में ढिलाई की शिकायत पर महापौर ने प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा को कड़ी हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यरत कर्मचारियों से प्रतिदिन निर्धारित समय तक अनिवार्य रूप से सफाई कराई जाए। साथ ही जरूरत के अनुसार सप्ताह में विशेष गैंग लगाकर पूरे वार्ड की गहन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, उन्होंने जगन्नाथ मंदिर के पास शेड निर्माण की मांग पर भी जल्द कार्य कराने का भरोसा दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा, उप अभियंता तिलक राज ध्रुव, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

