किसानों के खातों में पहुंचेगी पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के किसानों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत राजनांदगांव जिले के 99 हजार 746 किसानों के खातों में करीब 19 करोड़ 95 लाख रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। प्रत्येक चार माह के अंतराल में किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये सीधे जमा किए जाते हैं। योजना का उद्देश्य लघु, सीमांत एवं कृषि पर निर्भर किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना है।
शासन के निर्देशानुसार 20 जून को जिले में किसान उत्सव दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला एवं विकासखंड स्तर पर कृषि विज्ञान केंद्र, विकासखंड कार्यालय, पंचायत मुख्यालय, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों तथा मंडियों में लाभार्थी किसानों की उपस्थिति में कार्यक्रम होंगे।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि विभाग ने किसानों और नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। किसान और आम नागरिक पीएम इंडिया वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकते हैं। प्रशासन ने किसानों से अपने मोबाइल, लैपटॉप अथवा निकटतम आयोजन स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम के सहभागी बनने का आग्रह किया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :