24 जून को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्रामसभा, आवास प्लस 2.0 सूची का होगा अनुमोदन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे में चिन्हित पात्र परिवारों की सूची के सत्यापन और अनुमोदन के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून को विशेष ग्रामसभा आयोजित की जाएगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस ग्रामसभा में पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन कर अंतिम अनुमोदन किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में आवास प्लस 2.0 सर्वे के अंतर्गत तैयार सूची का सार्वजनिक प्रदर्शन किया जाएगा और ग्रामीणों के समक्ष उसका वाचन होगा। ग्रामसभा में सूची का सत्यापन कर पात्र परिवारों का अनुमोदन किया जाएगा। हालांकि इस प्रक्रिया के दौरान नए नाम जोड़ने की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
आवास प्लस 2.0 सर्वे का उद्देश्य ऐसे पात्र ग्रामीण परिवारों की पहचान करना है, जो अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभ से वंचित रहे हैं। ग्रामसभा में अनुमोदन के बाद पात्र हितग्राहियों की अंतिम सूची शासन को भेजी जाएगी।
ग्रामसभा में सूची का सत्यापन निर्धारित 12 मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। इनमें पक्का मकान, दो से अधिक कमरे, तीन या चार पहिया वाहन, कृषि मशीनरी, उच्च सीमा वाला किसान क्रेडिट कार्ड, सरकारी नौकरी, गैर कृषि व्यवसाय, 15 हजार रुपये से अधिक मासिक आय, आयकरदाता, व्यावसायिक करदाता तथा निर्धारित सीमा से अधिक सिंचित या असिंचित भूमि रखने वाले परिवार शामिल हैं।
सत्यापन के बाद प्राथमिकता श्रेणी के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इसमें दिव्यांग सदस्य वाले परिवार, महिला मुखिया, विधवा, आश्रयविहीन, निराश्रित, विशेष पिछड़ी जनजाति समूह, बंधुआ मजदूरों से मुक्त परिवार, गंभीर बीमारी से प्रभावित परिवार तथा कम आय वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से ग्रामसभा में अनिवार्य रूप से शामिल होकर प्रक्रिया को पारदर्शी और सफल बनाने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि सूची में नाम जोड़ने या लाभ दिलाने के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि की मांग या वसूली करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :