18 जून को टाउन हॉल में लगेगा स्वनिधि महोत्सव, स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा ऋण का लाभ

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा 18 जून को टाउन हॉल सभागार में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें नए ऋण आवेदन,, लंबित प्रकरणों की स्वीकृति तथा ऋण वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
महापौर मधुसूदन यादव की उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में विभिन्न वाणिज्यिक बैंकों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पथ विक्रेता शामिल होंगे। नगर निगम प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को चरणबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, समय पर भुगतान के बाद दूसरे चरण में 25 हजार रुपये तथा तीसरे चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाता है। नियमित रूप से ऋण अदायगी करने वाले हितग्राहियों को ब्याज पर 7 प्रतिशत तक अनुदान का भी लाभ मिलता है।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य पथ विक्रेताओं, शहरी गरीबों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तीकरण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। महोत्सव में बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में लंबित प्रकरणों का निराकरण भी किया जाएगा।
महापौर मधुसूदन यादव ने शहर के सभी वेंडर्स एवं छोटे व्यवसायियों से योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक हितग्राही आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, बैंक पासबुक, राशन कार्ड तथा मोबाइल फोन के साथ 18 जून को टाउन हॉल पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :