राजनांदगांव। लखोली क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के लिए नगर निगम द्वारा इंटर कनेक्शन का कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते कंचनबाग जल टंकी से 17 जून बुधवार की सुबह होने वाली पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार 13.50 लाख लीटर क्षमता वाली कंचनबाग टंकी से जुड़े क्षेत्रों में एक दिन के लिए पानी की सप्लाई बंद रहेगी। प्रभावित क्षेत्रों में कंचनबाग, शिवनाथ कॉलोनी, केशर नगर, जनता कॉलोनी, राजीव नगर, ब्रह्मदेव चौक, बैगापारा, अटल आवास, शांति विजय कॉलोनी, राहुल नगर तथा लखोली क्षेत्र शामिल हैं।
निगम अधिकारियों ने बताया कि इंटर कनेक्शन का कार्य पूर्ण होने के बाद 18 जून गुरुवार की सुबह से पेयजल आपूर्ति पूर्ववत शुरू कर दी जाएगी। इस कार्य से भविष्य में लखोली क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर एवं नियमित जलापूर्ति का लाभ मिलेगा।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने अस्थायी असुविधा के लिए नागरिकों से खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से आवश्यकतानुसार पहले से पानी का भंडारण कर लेने का अनुरोध किया है।

