फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा बाइक चोर गिरफ्तार, साथी भाई फरार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी पुलिस को चकमा देने और वाहन की पहचान छिपाने के लिए मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी के साथ-साथ अपराध के साक्ष्य छिपाने की धाराएं भी जोड़ी हैं। मामले का दूसरा सह-आरोपी (पकड़े गए आरोपी का भाई) फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

बनभेड़ी के पास से हुई थी बाइक चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 138/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बीते 5 अप्रैल 2026 को उसकी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 08 BB 0294) ग्राम बनभेड़ी के पास से किसी अज्ञात चोर ने पार कर दी थी।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस लगातार संदेही की तलाश में जुटी हुई थी।

मुखबिर की सूचना पर शराब भट्ठी के पास घेराबंदी
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की बाइक लेकर नया शराब भट्ठी क्षेत्र के आसपास मंडरा रहा है। सूचना मिलते ही लालबाग पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को धर दबोचा।

पूछताछ में खुला राज
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम लोकेश वैष्णव (27 वर्ष), निवासी बजरंग चौक शंकरपुर (राजनांदगांव) बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई मिथुन वैष्णव के साथ मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

बचने के लिए लगाया फर्जी नंबर, बढ़ीं धाराएं
पुलिस ने जब बरामद होंडा शाइन मोटरसाइकिल की जांच की, तो उस पर वास्तविक नंबर के स्थान पर फर्जी नंबर प्लेट (CG 08 SN 4787) लगी हुई पाई गई। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने और वाहन की पहचान पूरी तरह बदलने के लिए यह पैंतरा आजमाया था।

इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ चोरी की धारा के साथ-साथ साक्ष्य छिपाने और पहचान बदलने संबंधी नई धाराएं 336(3), 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ दी हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

इस टीम का रहा सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक अश्वनी यदु, आरक्षक राकेश धुर्वे, कमल किशोर यादव तथा कोतवाली थाना स्टाफ की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस फरार सह-आरोपी मिथुन वैष्णव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापे मार रही है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :