राजनांदगांव। अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए लालबाग पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 43 पौवा शराब, बिक्री रकम और स्कूटी जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी रमेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को रेवाडीह स्थित आदिवासी समाज भवन के पास कार्रवाई की।
पुलिस ने ग्राम कोटरासरार निवासी दीपचंद साहू (26) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 31 पौवा देशी प्लेन शराब और महाराष्ट्र निर्मित 12 पौवा देशी संत्री शराब सहित कुल 43 पौवा शराब बरामद हुई। जब्त शराब की मात्रा 7.740 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत 3,440 रुपए बताई गई है। इसके अलावा 150 रुपए नकद बिक्री रकम और एक स्कूटी भी जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 73,580 रुपए आंका गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन पहले भी दो आरोपियों से 29 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त कर कार्रवाई की गई थी। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रमेश पटेल, महिला प्रधान आरक्षक कल्पना अम्बादे, आरक्षक कमल किशोर यादव, तामेश्वर वर्मा सहित थाना लालबाग के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

