राजनांदगांव। शहर की सुबह रविवार को एक अलग ही उत्साह और ऊर्जा से भरी नजर आई। ‘मस्ती की पाठशाला’ कार्यक्रम में अल सुबह से ही बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों का हुजूम उमड़ पड़ा। चौपाटी के पास आयोजित इस पाठशाला में जहां एक ओर पारंपरिक खेलों की गूंज रही, वहीं दूसरी ओर संगीत की धुन पर थिरकते कदमों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया।
मदर्स डे पर स्वच्छता का संकल्प
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित महापौर मधुसूदन यादव ने उपस्थित महिलाओं और माताओं को ‘मदर्स डे’ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मां परिवार की पहली गुरु होती है जो संस्कार देती है। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं से स्वच्छता की अपील करते हुए कहा, “घर से ही सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करने की आदत डालें। नगर निगम घर-घर डस्टबिन बांट रहा है, इसका उपयोग करें और शहर को स्वच्छ बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”
योग से शुरुआत, खेलों की धूम
पाठशाला का आगाज पतंजलि भारत स्वाभिमान न्यास के बच्चों द्वारा किए गए योगाभ्यास से हुआ। इसके बाद चौपाटी के अंदर और बाहर खेल गतिविधियों का दौर शुरू हुआ। बच्चों और युवाओं ने तीरंदाजी, बैडमिंटन, कराटे, सांप-सीढ़ी और पारंपरिक पिट्ठुल खेल का जमकर आनंद लिया। नन्हे बच्चों के लिए झूला और फिसल पट्टी आकर्षण का केंद्र रहे, वहीं कई बच्चों ने चित्रकारी के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
संगीत और जुम्बा पर थिरके कदम
चौपाटी के सामने ‘बॉडी टेक जिम’ और ‘रीदम रिवाल्यूशन ग्रुप’ के तत्वावधान में संगीतमय जुम्बा डांस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। माहौल तब और भी खास हो गया जब खुद महापौर मधुसूदन यादव और पार्षद मनोहर यादव ने गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को इंडियन टीवीएस की ओर से पुरस्कृत भी किया गया।
अगले सप्ताह और भी खास होगी पाठशाला
महापौर ने निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह, पारस वर्मा एवं पार्षदों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जनता से मिले फीडबैक पर कहा कि लोगों के सुझावों पर अमल करते हुए अगले सप्ताह व्यवस्थाओं को और भी बेहतर बनाया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में पतंजलि योग समिति, ब्लड डोनेट संघ, यामिनी कला केंद्र और विभिन्न खेल संघों का विशेष योगदान रहा। इस दौरान निगम के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी सपरिवार मौजूद थे।

