गोवर्धन पूजा प्रकृति के सम्मान का पर्व – शिव वर्मा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, दी शुभकामनाएं

➡️ राजनांदगांव।

नगर निगम भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर समस्त नगरवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण और पवित्र पर्व है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और गौमाता के सम्मान का प्रतीक है। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के महत्व को समझने, पर्यावरण की रक्षा करने तथा जीवन में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना अपनाने की प्रेरणा देती है।
श्री वर्मा ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। इस प्रसंग के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने समाज को यह संदेश दिया कि प्रकृति, पर्वत, वन, जल और गौवंश हमारे जीवन के आधार हैं। इनका संरक्षण और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। गोवर्धन पूजा इसी महान संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गौमाता हमारी कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पारंपरिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार हैं। गोवर्धन पूजा के दिन गौमाता की पूजा-अर्चना कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। यह पर्व हमें गौसेवा, जीवों के प्रति दया और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की सीख देता है। श्री वर्मा ने आगे कहा कि आज के आधुनिक दौर में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का संवर्धन बेहद आवश्यक हो गया है। ऐसे में गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। हमें केवल पर्व मनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चलते हुए प्रकृति की रक्षा, गौसेवा और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन भी करना चाहिए। अंत में उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत हो।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!