सुशासन तिहार में समस्याओं का अंबार : सुंदरा शिविर में पहुंचे 1345 आवेदन, 40 विभागों ने किया मौके पर समाधान

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। सुशासन तिहार 2026 के तहत गुरुवार को जनपद पंचायत राजनांदगांव के ग्राम सुंदरा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुशासन की ऐसी बयार चली कि एक ही दिन में 1345 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 1329 आवेदन मांगों से संबंधित थे, जबकि 16 आवेदन शिकायतों के रहे। खास बात यह रही कि 40 विभागों के अधिकारी एक साथ ग्रामीणों के बीच पहुंचे, जिससे कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा हो गया।

20 गांवों के ग्रामीणों की उमड़ी भीड़
शिविर में केवल सुंदरा ही नहीं, बल्कि बोरी, गठुला, भाठागांव, परमालकसा, मनकी, इंदामरा, भानपुरी और बांकल सहित कुल 20 ग्राम पंचायतों के लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों के कारण पंडाल छोटा पड़ गया।

स्टॉल्स पर मिलीं ये सुविधाएं:
लर्निंग लाइसेंस: परिवहन विभाग के स्टॉल पर युवाओं और ग्रामीणों के तुरंत लर्निंग लाइसेंस बनाए गए।

हेल्थ चेकअप: स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों की जांच कर नि:शुल्क दवाएं बांटी गईं।

श्रम पंजीयन: श्रम विभाग ने मजदूरों का पंजीयन कर उन्हें सरकारी योजनाओं की पात्रता समझाई।

महतारी वंदन: महिला एवं बाल विकास विभाग ने शिविर में ही महिलाओं का ई-केवाईसी सत्यापन किया।

जनप्रतिनिधियों ने सुनी समस्याएं
शिविर में जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पप्पू चंद्राकर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रशासन को जनता के द्वार तक लाना है। जिला पंचायत सदस्य देव कुमारी साहू और शीला राकेश सिन्हा ने भी ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

अधिकारी रहे मुस्तैद
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गौतम पाटिल और जनपद सीईओ मनीष साहू ने प्रत्येक विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया और प्राप्त आवेदनों को समय सीमा के भीतर निराकृत करने के निर्देश दिए।

ये रहे मौजूद
शिविर में उपाध्यक्ष अनीता दिगेंद्र सिन्हा, सरपंच हिपेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में जनपद सदस्य, सरपंच, सचिव और ग्रामीण उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :