सोमनी। सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अंजोरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ काम पर जाने की मामूली बात पर हुए विवाद में पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
बिना बताए काम पर जाने से शुरू हुई कलह
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक तामेश्वर पारकर और उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई पारकर के बीच बीते 27 जुलाई को विवाद हुआ था। विवाद की मुख्य वजह लक्ष्मी का बिना बताए काम पर चले जाना और पैसों का लेन-देन था। जब तामेश्वर काम से घर लौटा और उसे पता चला कि पत्नी उसकी बात अनसुनी कर काम पर गई थी, तो उसने विरोध किया। इस बात पर दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।
हमले के बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम
हाथापाई के दौरान आरोपी पत्नी लक्ष्मी बाई ने तैश में आकर तामेश्वर पर हाथ और नाखूनों से हमला कर दिया और उसका गला दबा दिया। गंभीर रूप से घायल तामेश्वर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि मृतक के शरीर पर मृत्यु से पूर्व कई चोट के निशान थे और मौत का तरीका हत्यात्मक था। इसके आधार पर पुलिस ने लक्ष्मी बाई के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी अलेक्जेंडर के मार्गदर्शन में सोमनी थाना प्रभारी अरुण नामदेव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मी बाई (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहाँ उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव, प्रधान आरक्षक डुलेश्वर साहू, आरक्षक हरमुख देशमुख, दिनेश वर्मा, मनोज ठाकुर, महिला आरक्षक मिथलेश निषाद, सरिता साहू और हीमा चंद्राकर सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

